मसूरी। आरएन भार्गव इंटर कॉलेज मसूरी में गुरुवार को एमआरडी वेलफेयर सोसायटी द्वारा कैंसर रोकथाम एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना और उसके लक्षण, बचाव व समय प...
मसूरी। आरएन भार्गव इंटर कॉलेज मसूरी में गुरुवार को एमआरडी वेलफेयर सोसायटी द्वारा कैंसर रोकथाम एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना और उसके लक्षण, बचाव व समय पर उपचार की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम में संस्था के सामाजिक कार्यकर्ता धर्मेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में गलत खान-पान।
तंबाकू और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, अनियमित जीवनशैली तथा जागरूकता की कमी के कारण कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि प्रारंभिक अवस्था में बीमारी की पहचान हो जाए तो कैंसर का उपचार संभव है।
उन्होंने विद्यार्थियों को तंबाकू और नशीले पदार्थों से दूर रहने, नियमित व्यायाम करने, पौष्टिक भोजन लेने और स्वच्छ जीवन शैली अपनाने की सलाह दी।
साथ ही बताया कि एमआरडी वेलफेयर सोसायटी कैंसर और हेपेटाइटिस जैसी बीमारियों को लेकर समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय प्रसाद भट्ट ने कहा कि स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासित जीवन, संतुलित आहार और स्वच्छता अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने मोबाइल और अन्य आधुनिक उपकरणों के अत्यधिक उपयोग से बचते हुए खेलकूद, योग और शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने की सलाह दी।
प्रधानाचार्य ने कहा कि किसी भी बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता है।
यदि समाज में समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तो कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कैंसर से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा सरल भाषा में जवाब दिया गया।
इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।