छुटमलपुर के फतेहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नौसरहेंड़ी गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई। जब एक 27 वर्षीय युवक अपने कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में ...
छुटमलपुर के फतेहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नौसरहेंड़ी गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई।
जब एक 27 वर्षीय युवक अपने कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस बल मौके पर पहुँचा।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक इस्तकार (27), पुत्र इरफान, ने बुधवार रात को खाना खाने के बाद अपने कमरे में जाकर सो गया था। गर्मी के कारण उसकी पत्नी और बच्चे बाहर बरामदे में सो रहे थे।
गुरुवार सुबह जब काफी देर तक इस्तकार कमरे से बाहर नहीं निकला, तो परिजनों ने उसे जगाने का प्रयास किया।
अंदर से कोई हलचल न होने और कोई जवाब न मिलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद, आनन-फानन में दरवाजा तोड़ा गया।
अंदर का दृश्य देख सभी के होश उड़ गए; इस्तकार का शव फर्श पर पड़ा था।
घटना की सूचना तुरंत फतेहपुर पुलिस को दी गई। कार्यवाहक थाना अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीओ सदर मुनीष चंद्र को सूचित किया गया।
सीओ सदर ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक स्थिति में ग्रामीण और परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने को लेकर असहमत थे।
लेकिन पुलिस अधिकारियों द्वारा स्थिति की संवेदनशीलता समझाए जाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए।
फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
इस्तकार अपने घर में दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी शादी करीब चार वर्ष पूर्व हुई थी। घटना ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं।
वह अपने पीछे दो मासूम बेटियां (3 वर्ष और 1 वर्ष) छोड़ गया है। इस दुखद घटना के बाद मृतक की पत्नी और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। मामले की गहनता से जांच जारी है।