सहारनपुर में धर्म परिवर्तन और निकाह के नाम पर धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। दानिश कॉलोनी, रसूलपुर की एक युवती ने नकुड़ थाना क्षेत्र के गांव ब्राह्मण माजरा निवासी रणजीत पुत्र धीरज सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती ने एसएसपी को शिकायत पत्र देकर क...
सहारनपुर में धर्म परिवर्तन और निकाह के नाम पर धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है।
दानिश कॉलोनी, रसूलपुर की एक युवती ने नकुड़ थाना क्षेत्र के गांव ब्राह्मण माजरा निवासी रणजीत पुत्र धीरज सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती ने एसएसपी को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता खुश्नुमा पुत्री मोहर्रम अली के अनुसार, उसकी रणजीत से जान-पहचान थी जो प्रेम संबंध में बदल गई।
रणजीत ने शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन अलग धर्म होने के कारण खुश्नुमा ने इनकार कर दिया।
इस पर आरोपी ने खुद को मुस्लिम धर्म अपनाने की बात कही और एक कथित शपथ पत्र दिखाकर धर्म परिवर्तन का दावा किया।
युवती को विश्वास में लेने के बाद, आरोपी उसे एक अज्ञात स्थान पर ले गया, जहां निकाहनामे के नाम पर कुछ कागजों पर हस्ताक्षर कराए गए।
इसके बाद रणजीत युवती के साथ पति की तरह रहने लगा।
पीड़िता का आरोप है कि साथ रहने के दौरान आरोपी ने उसे बेहतर जगह मकान लेने का सपना दिखाया और उसका मकान बिकवा दिया।
लगभग एक वर्ष पहले, आरोपी मकान बिक्री के 3 लाख 75 हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवरात लेकर अचानक फरार हो गया।
जब युवती आरोपी की तलाश करते हुए उसके घर पहुंची, तो रणजीत ने कथित तौर पर साफ कह दिया कि उसने न तो धर्म परिवर्तन किया और न ही कोई निकाह।
उसने यह भी स्वीकार किया कि उसने युवती का इस्तेमाल करने और उससे फायदा उठाने के लिए यह पूरा षड्यंत्र रचा था। आरोपी ने अब युवती को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया है।
पीड़िता का कहना है कि वह पिछले आठ महीनों से महिला थाना, नकुड़ थाना और पुलिस अधिकारियों के चक्कर काट रही है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
युवती ने शनिवार को एसएसपी से आरोपी के खिलाफ फर्जीवाड़ा, षड्यंत्र, धोखाधड़ी और शारीरिक शोषण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।