मसूरी में रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब देहरादून से मसूरी आ रही एक ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई की ओर उतर गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से कार में सवार सभी पर्यटकों को सुरक्ष...
मसूरी में रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब देहरादून से मसूरी आ रही एक ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई की ओर उतर गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से कार में सवार सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार घटना करीब दोपहर 1 बजे मसूरी कोलूखेत पुलिस चौकी से लगभग 100 मीटर पहले देहरादून मार्ग पर हुई।
अस्थाई पंजीकरण नंबर वाली सफेद रंग की ब्रेजा कार देहरादून से मसूरी की ओर आ रही थी, तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से बाईं ओर नीचे खाई में उतर गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोक दी।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। कार में सवार पर्यटकों की सतीष कुमार, संजीव, सोहन लाल और पिं्रस के रूप में हुई।
सभी पर्यटक हरियाणा के पंचकूला-हिसार क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई।
बाद में पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से वाहन को खाई से निकलवाकर सुरक्षित सड़क किनारे खड़ा कराया और यातायात को सुचारु कराया।
हरियाणा से आए पर्यटकों ने मसूरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मदद की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।