मसूरी। लंढौर बाजार में लगातार बढ़ रहे भूधंसाव के खतरे को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून सचिवालय पहुंचकर सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की गंभीर स...
मसूरी। लंढौर बाजार में लगातार बढ़ रहे भूधंसाव के खतरे को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून सचिवालय पहुंचकर सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की गंभीर स्थिति से अवगत कराते हुए शीघ्र स्थायी समाधान की मांग उठाई।
बैठक की जानकारी देते हुए पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने सचिव आपदा प्रबंधन के समक्ष लंढौर बाजार में हो रहे भूधंसाव का मुद्दा प्रमुखता से रखा।
इस पर सचिव ने आश्वासन दिया कि जल्द ही विशेषज्ञों की टीम गठित कर आपदा प्रबंधन विभाग, लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कराया जाएगा।
साथ ही समय-समय पर क्षेत्र की निगरानी भी की जाएगी।
पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि सचिव आपदा प्रबंधन ने इसे तकनीकी रूप से पालिका क्षेत्र का मामला बताया।
लेकिन विभागीय स्तर पर विशेषज्ञों से सर्वे कराने और लोक निर्माण विभाग के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा दिया।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका की ओर से जल्द ही आपदा प्रबंधन विभाग और लोक निर्माण विभाग को औपचारिक पत्र भेजा जाएगा ताकि प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
मीरा सकलानी ने कहा कि लंढौर बाजार मसूरी का अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्र है।
भूधंसाव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका लगातार प्रयास कर रही है ताकि स्थानीय व्यापारियों, पर्यटकों और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इस दौरान मसूरी भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, पालिका सभासद गीता कुमाई, उपेंद्र पंवार, आनंद रस्तोगी, भरत कुमाई सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।